
सेहतमंद रहने के लिए रोजाना जरूर करना चाहिए ये एक काम

यह बात तो लगभग सभी लोग जानते हैं कि व्यायाम से सेहत के मामले में बहुत अधिक लाभ मिलता है। लेकिन हाल में हुए कई अध्ययन में इस बात के और प्रमाण मिले हैं। कहा तो यहां तक जा रहा है कि इस बात से भी ज्यादा फर्क नहीं पड़ता कि आपका वजन ज्यादा है।
एक नए अध्ययन के नतीजों से पता लगता है कि अधिक वजन वाले जो लोग खाली समय में भी हाथ पैर हिलाते-डुलाते रहते हैं यानी सक्रिय रहते हैं, उनकी उम्र उन लोगों की तुलना में चार साल तक ज्यादा हो सकती है, जो उतने ही वजन के होने क बावजूद हाथ पर हाथ धरे चुपचाप बैठे रहते हैं। ताजा अध्ययन में कहा गया है कि व्यायाम के साथ साथ अगर वजन और खानपान के बीच सही संतुलन बनाए रखा जाए तो उम्र में सात साल तक का इजाफा हो सकता है। यह अध्ययन पिछले साल जुलाई में हार्वर्ड हेल्थ लेटर में प्रकाशित व्यायाम पर इसी तरह के एक अध्ययन की पुष्टि करता है।
नए अध्ययन में कहा गया है कि अगर आप सेहतमंद रहना चाहते हैं तो सबसे अच्छा यह है कि फिजिकली एक्टिव रहें यानी चुपचाप न बैठे रहें। इससे आप न केवल कई गंभीर बीमारियों से बच सकते हैं, बल्कि आपकी उम्र भी बढ़ सकती है। यही नहीं, इससे शरीर और दिमाग के काम करने की क्षमता में भी इजाफा होता है। हार्वर्ड मेडिकल स्कूल में मेडिसिन के प्रोफेसर डॉ. आई मिन ली के मुताबिक हफ्ते में 75 मिनट की ब्रिस्क वाकिंग (तेज कदमों से सैर) आपकी उम्र में दो साल और जोड़ सकती है।










