
माघी पूर्णिमा आज: जानिए इस दिन बनने वाले योग व उसके फलों के बारे में

हिंदू पंचांग के अनुसार मास की पंद्रहवी एवं शुक्ल पक्ष की अंतिम तिथि पूर्णिमा होती है। इस बार 25 फरवरी, सोमवार को माघ मास की पूर्णिमा है। माघ मास में होने के कारण इसे माघी पूर्णिमा कहते हैं।
उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के अनुसार माघ पूर्णिमा पर यदि शनि मेष में गुरु एवं चंद्रमा सिंह पर सूर्य श्रवण नक्षत्र पर हो तो महामाघी पूर्णिमा का योग होता है किंतु इस बार ऐसा योग नही बना है। इसलिए यह केवल माघी पूर्णिमा है। इस बार माघ मास की पूर्णिमा सोमवार को है।
पं. शर्मा के अनुसार इस पूर्णिमा पर चंद्रमा मघा नक्षत्र में रहेंगे एवं सूर्य कुंभ राशि में शतभिषा नक्षत्र में होगा। शनि, बुध वक्री होगें एवं सूर्य, बुध, शुक्र, मंगल की पूर्ण दृष्टि चंद्रमा पर होगी। मंगल की दृष्टि होने से यह धनदायक बनेगा। सूर्य शतभिषा नक्षत्र में होगा तथा चंद्रमा पर पूर्ण दृष्टि रखेगें यह संयोग भी अच्छा होगा। इस योग के फलस्वरूप व्यापार में वृद्धि होगी एव जनता मे तनाव कम होगा। साधारण रूप से प्राकृतिक का प्रकोप हो सकता है लेकिन यह जनहानि वाला नही होगा।











