
नए साल में ये 5 काम देंगे जबर्दस्त सफलता
धर्म डेस्क. उज्जैन
| Dec 20, 2012, 14:33PM IST

अक्सर हर इंसान स्वभाविक तौर पर सुखों की आस लगाए रहता है, किंतु दु:खों की वजह बन रही अपनी कमजोरियों को नजरअंदाज करता है। खुद के दोषों को न पहचानना या स्वीकार न करना मनचाहे सुख पाने में अड़चने पैदा करती है। इसलिए शुभ और बेहतर नतीजों के लिये जरूरी है - बेहतर कोशिशें और असफलताओं से सबक लेकर कमियों में सुधार करना।
नया साल भी गुजरे साल में मिली असफलताओं व बुरे परिणामों को पीछे छोड़ नई शुरुआत व सफलता के लिए आगे कदम बढ़ाने का मौका है। इस वक्त को भुनाने के लिए शास्त्रों में उजागर दोष और बुराइयों से बचाकर सुख बटोरने के 5 खास सबक व्यावहारिक तौर पर अपनाना किसी भी व्यक्ति के लिए बेहद कारगर व मनचाहे नतीजे देने वाले साबित हो सकते हैं। मनुस्मृति में लिखा गया है कि -
अहिंसा सत्यमस्तेयं शौचमिन्द्रियनिग्रह:।
एतं सामासिकं धर्मं चातुर्वण्येवीन्मनु:।।
सरल शब्दों में समझें तो जीवन में बुरे समय और परिणामों से बचने के लिये इन पांच बातों को मन, वचन, कर्म से जोडऩा चाहिए -
हिंसा से बचें - बुरे शब्द या विचार भी शरीर पर आघात की तरह ही हिंसा होते हैं, जो जीवन को अशांत कर बुरे परिणाम देते हैं।
सच बोलें - सच्चे बोल और व्यवहार से इंसान भरोसा और सम्मान पाता है।
चोरी से बचें - धन ही नहीं किसी के जीवन, मान-सम्मान, विचार से जुड़े विषय या वस्तुओं पर लाभ के लिए अधिकार या अपहरण भी धर्म के नजरिए से चोरी है, जो दु:खों का कारण बनती है।
स्वच्छता रखें - मन व शरीर में पवित्रता शांत, सुखी व स्वस्थ्य जीवन के लिए जरूरी है।
संयम रखें - इंद्रिय संयम सरल शब्दों में कहें तो शौक-मौज, विलासिता से भरे जीवन के आकर्षण में तन और मन को भटकाने से आखिरकार जीवन रोग, दु:ख और पीड़ाओं से घिर जाता है। इसलिए मन और शरीर की इच्छाओं को काबू में रखें।









